स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- पांढुर्णा के पीपला नारायणवार क्षेत्र के ग्राम पंचायत बानाबाकोड़ा में एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जहां 75 वर्षीय वासुदेवराव बागड़े के निधन के बाद उनकी दोनों बेटियों ने बेटे का फर्ज निभाते हुए, पिता की अर्थी को अपने कंधों पर उठाकर अंतिम यात्रा निकाली। बेटियों के इस साहसिक कदम ने न केवल उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं, बल्कि समाज में चली आ रही सदियों पुरानी रूढि़वादी परंपराओं को भी चुनौती दी।
जानकारी के अनुसार, वासुदेवराव बागड़े का रविवार देर रात निधन हो गया। परिवार में पुत्र नहीं होने के कारण उनकी दोनों बेटियों ने पिता के अंतिम संस्कार की समस्त जिम्मेदारियां स्वयं संभालीं। सोमवार को जब पिता की अंतिम यात्रा घर से निकली, तब दोनों बेटियों ने आगे बढक़र अर्थी को कंधा दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
मुम्बई से आई बेटी…
दिवंगत वासुदेवराव बागड़े अपने पीछे पत्नी रमाबाई बागड़े और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बेटियां शीलाताई दुपारे ग्राम पाढर निवासी हैं तथा बैशाली मनोज जैन, जो मुंबई में रहती हैं, पिता के निधन की खबर मिलते ही परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुईं।

बेटियों ने ही किया अंतिम संस्कार…
बेटियों ने केवल पिता की अर्थी को कंधा ही नहीं दिया, बल्कि अंतिम संस्कार की सभी रस्मों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं सम्मान के साथ निभाया। उनके इस कदम ने यह साबित कर दिया कि प्रेम, जिम्मेदारी और कर्तव्य का कोई लिंग नहीं होता। समाज में अक्सर यह माना जाता है कि माता-पिता के अंतिम संस्कार का दायित्व केवल बेटों का होता है, लेकिन बानाबाकोड़ा की बेटियों ने इस सोच को बदलने का सराहनीय प्रयास किया है। बेटियों ने अपने कार्य से यह संदेश दिया कि बेटियां भी हर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं और माता-पिता के प्रति उनका प्रेम किसी से कम नहीं है।
बेटियां निभा सकतीं हैं हर जिम्मेदारी…
बानाबाकोड़ा की इन बेटियों ने अपने पिता को अंतिम विदाई देकर समाज को एक बड़ा संदेश दिया है कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। वे जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक माता-पिता का सहारा बन सकती हैं। वास्तव में यह घटना समाज में बदलती सोच, महिला सम्मान और समानता की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।
KBP NEWS.IN
जाहिद खान
9425391823









