स्टेट डेस्क /छिन्दवाड़ा- बीती 07 जनवरी को अमरवाड़ा की प्रिया लॉज के कमरा नंबर 103 में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध मृत अवस्था में पाया गया था, जिसकी पहचान ओमप्रकाश इनवाती निवासी खमरा राजाराम थाना अमरवाड़ा ने अपनी पत्नि संतकुमारी इनवाती के रूप में किया था। ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मृतिका के शव की पंचनामा कार्यवाही की गई। मृतिका के शरीर में चोटे होने से छिंदवाड़ा से एफ.एस.एल. टीम तथा फिंगर प्रिंट टीम भी मौके पर बुलवाई गई। मृतिका संतकुमारी इनवाती का शव संदिग्ध अवस्था में पाये जाने, मृतिका की नाक, मुंह से खून निकला था तथा गले में भी चोट जैसे निशान पाये गये थे। इस आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 21/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 का कायम कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
आला अधिकारियों के निर्देशों पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अमरवाडा रवीन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। विवेचना के दौरान अंधे हत्याकांड के सबंध में सूक्ष्मता से कार्यवाही कर घटना की कड़ी से कड़ी जोड़कर साक्ष्य एकत्रित किये गये। थाना अमरवाड़ा की पुलिस टीम ने विवेचना पर पाया कि आरोपी हरीश पिता सुरेशचंद्र चौधरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम बेहजम थाना नीमगांव जिला लखीमपुर खीरी उ.प्र. का रहने वाला है जो कि तीन साल पहले मजदूरी करने छिंदवाड़ा आया था।
करीब दो वर्ष पूर्व खमरा रोड अमरवाड़ा में वेयर हाऊस के निर्माण कार्य में मजदूरी से काम किया था। उसी समय आरोपी की मुलाकात ग्राम खमरा राजाराम निवासी संतकुमारी इनवाती से हुई थी जो वहीं वेयरहाऊस में मजदूरी से काम करने आती थी। उसके पश्चात दोनों की मोबाईल फोन से लगातार बातें होने लगी, उसके बाद से आरोपी मृतिका संतकुमारी इनवाती को अपने साथ खाना खिलाने के लिये प्रिया रेस्टारेंट अमरवाड़ा में लेकर जाता था और वहां पर सभी को अपनी पत्नि होना बताता था, तथा कमरा लेकर रात्रि में रूकता था। इसी कारण रेस्टारेंट मालिक तथा वहां काम करने वाले मजदूरों से आरोपी की पहचान हो गई थी।
वेयर हाऊस का काम पूरा होने के बाद आरोपी कस्बा चांद के पास स्थित ग्राम हरनाखेड़ी में स्थित शुगर मिल में काम करने चला गया था। इसी दौरान आरोपी लगातार मृतिका से मोबाईल फोन के माध्यम से बात करता था और बीच-बीच में उससे मिलने अमरवाड़ा आया करता था। गत 05/01/25 को आरोपी मृतिका संतकुमारी के कहने पर उससे मिलने अमरवाड़ा आया और बस स्टैण्ड अमरवाड़ा से दोनों प्रिया रेंस्टारेंट गये। जहां किराये से एक कमरा (रूम नं. 103) लेकर दोनों रूके, जहां संतकुमारी आरोपी से कहने लगी कि मुझे तुम्हारे साथ रख लो, मैं तुम्हारे साथ रंहूगी, मुझे यहां नहीं रहना है, फिर आरोपी ने मृतिका संतकुमारी के साथ शारीरिक सबंध बनाया। उसके बाद संतकुमारी को समझाने लगा कि मैं तुम्हे अपने साथ नही रख सकता। मेरे भी बीबी बच्चे है। तब संतकुमारी ने आरोपी की बात नही मानी और उसके साथ रहने की जिद कर विवाद करने लगी। तब गुस्से में आकर आरोपी ने संतकुमारी के स्कार्फ से उसका गला घोंटकर मार डाला तथा सुबह मौका देखकर कमरे का दरवाजा बाहर से ताला लगा कर, चाबी अपने साथ में लेकर बस से चांद चला गया। दूसरे दिन सुबह अपने घर लखीमपुर यु.पी.जाने के लिए निकल गया। जिसे पुलिस द्वारा आमला जिला बैतूल से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी हरीश चौधरी ने जुर्म करना स्वीकार किया है। आरोपी से मृतिका का मोबाईल फोन एवं जेवरात भी जप्त किये गये।
इनकी रही सराहनीय भूमिका- थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे, उपनिरीक्षक राघवेन्द्र उपाध्याय, सउनि रजनीश सोनी,सउनि द्वारका पाल, प्र.आर. जयसिंह बघेल, आर.अभिषेक बघेल, आर. संदीप भलावी, सायबर सेल आर. आदित्य रघुवंशी, प्र.आर. नितिन रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








