स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा- जब व्यवस्था से उम्मीदें टूटने लगती हैं और वर्षों तक बुनियादी सुविधा के लिए इंतजार करना पड़ता है, तब जनता खुद अपनी तकदीर लिखने का फैसला कर लेती है। कुछ ऐसी ही मिसाल दमुआ की ग्राम पंचायत गोप के जामुन डोंगा गांव के ग्रामीणों ने पेश की है। आजादी के दशकों बाद भी सड़क की सुविधा से वंचित इस पहाड़ी बस्ती के लोगों ने शासन-प्रशासन की राह देखने के बजाय एकजुट होकर पहाड़ का सीना चीर दिया और महज 10 दिनों में करीब 4 किलोमीटर लंबा कच्चा सड़क मार्ग तैयार कर दिया।

यह कोई सरकारी निर्माण कार्य नहीं था, न ही किसी बड़ी निर्माण एजेंसी की मशीनों और कर्मचारियों की वहां पहुंचा था। इस सड़क के पीछे गांव के बुजुर्गों का अनुभव, युवाओं का जोश, महिलाओं का सहयोग और पूरे गांव की एकजुटता थी।

ग्रामीणों ने घर-घर जाकर चंदा एकत्रित किया। मशीनों के डीजल का खर्च उठाया और खुद फावड़ा, कुदाली व टंगी लेकर पहाड़ी चट्टानों को काटने में जुट गए। ग्रामीणों की इस पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सामूहिक इच्छाशक्ति के सामने बड़ी से बड़ी बाधा भी छोटी पड़ सकती है।

एक दर्दनाक घटना से ग्रामीणों ने लिया फैसला…
दरअसल जामुन डोंगा में सड़क निर्माण की इस पूरी कहानी के पीछे एक ऐसी घटना है, जिसने पूरी बस्ती को भीतर तक झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष 19-20 अगस्त को बस्ती की एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने और पहाड़ी रास्ते के दुर्गम होने के कारण उसे अस्पताल पहुंचाना परिजनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। लगातार बारिश, कीचड़ और उबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों के बीच परिजनों तथा ग्रामीणों ने महिला को खाट अथवा डोली के सहारे किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से उसे उपचार के लिए छिंदवाड़ा जिला चिकित्सालय ले जाया गया। लंबे इलाज के बाद महिला की जान बच सकी। इस घटना ने ग्रामीणों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर कब तक सड़क के अभाव में किसी बीमार, गर्भवती महिला, बुजुर्ग या जरूरतमंद की जिंदगी जोखिम में डालनी पड़ेगी?

10 दिन में बना दिया 4 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता…
ग्रामीणों की मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम महज 10 दिनों में सामने आ गया। पहाड़ी और पथरीले रास्तों के बीच करीब 4 किलोमीटर लंबा कच्चा सड़क मार्ग तैयार हो गया। जिस रास्ते पर पहले पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं था, वहां अब आवागमन का रास्ता बन गया है। इस निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया, बल्कि शारीरिक श्रमदान कर यह भी साबित किया कि गांव के विकास के लिए सामूहिक जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण होती है। जामुन डोंगा के लोगों के लिए यह 4 किलोमीटर का रास्ता केवल मिट्टी और पत्थरों से बना मार्ग नहीं है, बल्कि वर्षों से देखे जा रहे सपने के पूरा होने की शुरुआत है। ग्रामीणों की मेहनत ने उस पहाड़ी इलाके में आवागमन की नई उम्मीद जगाई है, जहां सड़क का इंतजार करते-करते कई पीढ़ियां गुजर गईं।

120 परिवारों के 750 लोगों को मिली बड़ी राहत…
जामुन डोंगा गांव में करीब 120 घर और लगभग 750 की आबादी निवास करती है। सड़क बन जाने से अब इन परिवारों के लिए गोप पंचायत मुख्यालय और मुख्य मार्ग तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो सकेगा। सबसे ज्यादा राहत बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को मिलने की उम्मीद है। अब ग्रामीणों को हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलने की मजबूरी से कुछ राहत मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। कीचड़, फिसलन और पानी के बहाव के कारण गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट या डोली का सहारा लेना पड़ता था। अब कच्चा मार्ग बनने से कम से कम आवागमन का रास्ता तो खुल गया है।

सरकार से केवल इतनी मांग…
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क के दोनों ओर पक्की नालियों का निर्माण करने की मांग की है। इसके साथ ही पहाड़ी की तरफ मजबूत रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) बनाए जाने की आवश्यकता बताई है, ताकि पहाड़ से आने वाला पानी और मिट्टी सड़क को नुकसान न पहुंचा सके। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार रास्ता तैयार कर दिया है, लेकिन इसे स्थायी और सुरक्षित सड़क बनाने की जिम्मेदारी अब शासन-प्रशासन को निभानी चाहिए।

श्रमदान और एकजुटता बनी ताकत…
ग्रामीणों के इस अभियान में गांव के हर वर्ग ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। गांव की सरपंच सियावती नर्रे के पति कंचन शाह नर्रे ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक सभी ने अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग दिया। इस अभियान में बुजुर्ग मंतरलाल मलागाम, सुपाल नर्रे, प्यारे लाल मलागाम, चंदर लाल विश्वकर्मा, पवन नर्रे, मजुलाल नर्रे, रस्सूलाल करमालाशाह, किसलाल, ज्ञानलाल एवं सेहनु नर्रे सहित अन्य ग्रामीणों ने योगदान दिया। वहीं युवाओं और महिलाओं में अनिल मलागाम, श्यामलाल नर्रे, मंगलती, रेखा सुरतिया नर्रे सहित पूरी बस्ती के लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। यहां न किसी ने मजदूरी की मांग की, न ही किसी सरकारी ठेकेदार का इंतजार। सभी के सामने सिर्फ एक लक्ष्य था कि किसी भी तरह गांव तक सड़क पहुंचनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को वह परेशानी न झेलनी पड़े, जो ये लोग पीढ़ियों से झेलते आ रहे हैं..!

जाहिद खान
संपादक
KBP NEWS.IN
MOB – 9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here