स्टेट डेस्क/पांढुर्णा- जिले से महज 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नगर पंचायत पिपला नारायणवार में पशु चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। यहां स्थित पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की कमी के चलते पशुपालकों को अपने मवेशियों का उपचार करवाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और पशुपालक किसानों की शिकायत है कि पशु चिकित्सालय में नियमित डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने से पशु चिकित्सालय का दवाखाना चपरासी के भरोसे संचालित हो रहा है। ऐसे में जब किसी किसान की गाय, भैंस, बैल या अन्य पशु बीमार पड़ता है, तो उसे समय पर उपचार नहीं मिल पाता। किसानों को अपने पशुओं के इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से पशुओं की हालत और गंभीर होने की आशंका बनी रहती है। किसानों और पशुपालकों ने जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग, संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पिपला नारायणवार के पशु चिकित्सालय में जल्द से जल्द नियमित पशु चिकित्सक की नियुक्ति की जाए। साथ ही आवश्यक दवाइयों और उपचार संबंधी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपने पशुओं के इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

नगर पंचायत बनने के बाद भी सुविधाओं का अभाव…
एक ओर पिपला नारायणवार को नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त है, वहीं दूसरी ओर यहां मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की नियमित नियुक्ति नहीं होना किसानों के हितों की अनदेखी है। यह मामला केवल एक अस्पताल की व्यवस्था का नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका, पशुधन की सुरक्षा और ग्रामीण जनहित से जुड़ा हुआ है। प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

जनप्रतिनिधि और प्रशासन क्यों नहीं दे रहे ध्यान?
जब पिपला नारायणवार से जिला मुख्यालय पांढुर्णा की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है, तो स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और भी जरूरी हो जाता है। इसके बावजूद पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की कमी दूर नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। देखना यह है कि किसानों की इस गंभीर जनसमस्या पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब संज्ञान लेते हैं और कब पशु चिकित्सालय को डॉक्टर की नियमित सुविधा मिलती है।

जाहिद खान
संपादक
Mob:- 9425391823
KBP NEWS.IN

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here