स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों ने अन्नदाता को आर्थिक, मानष्कि व शारीरिक रूप से तोड़ दिया है। समय पर खाद, बीज व विद्युत आपूर्ति नहीं दी जा रही। जब फसलों पर खाद डालने का समय होता है तब किसान उचित मूल्य की दुकान के सामने खाद के लिए कतार में खड़ा रहता है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से रातों में जागता है, क्या यही भाजपा का किसान हितैषी चेहरा है? उक्त उदगार आज जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने चौरई के गोपालपुर में आयोजित गोपालपुर, कुण्डा, रामगढ़ व बींझावाड़ा क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी की आयोजित बैठक में व्यक्त किए।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए नकुलनाथ ने सर्वप्रथम उपस्थित जनसामान्य व कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को किसान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एक समय वो भी था जब भाजपा की प्रदेश सरकार ने माचागोरा जलाशय का पानी महाराष्ट्र भेजने की पूरी तैयारी कर ली थी, किन्तु पंद्रह माह की कमलनाथ की सरकार ने इस पर रोक लगाई, क्योंकि हमने माचागोरा जलाशय का निर्माण अपने जिले के किसानों के लिए करवाया जिसका अधिकतम लाभ किसानों को ही मिलना चाहिए। यह परियोजना और इसका सम्पूर्ण विस्तार का श्रेय एकमात्र कमलनाथ को जाता है। कमलनाथ के कार्यकाल में स्वीकृत सिंचाई व ऊर्जा परियोजनाओं के कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग अविलम्ब सम्बंधित विभाग के मंत्री से की जाएगी। भाजपा को अफवाह फैलाने में महारत हासिल है। मेरे छिन्दवाड़ा आने पर संशय उत्पन्न करते रहे, किन्तु मैं तो लगातार छिन्दवाड़ा आ रहा हूं और आता रहूंगा, क्योंकि छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना से मेरे पिता व परिवार के राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक रिश्ते हैं। आपके प्यार व आशीर्वाद से मैं इन रिश्तों को जीवन भर निभाता रहूंगा और आपके सुख व दुख में हमेशा साथ खड़ा रहूंगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार मेरी पहली प्राथमिकता-
चौरई के कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आज स्व. जगन्नाथ प्रसाद पालीवाल की स्मृति में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन में सम्मिलित हुए नकुलनाथ का युवाओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर श्री नाथ ने उपस्थित युवा शक्ति को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेरी प्राथमिकता में सबसे पहले युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य शुरुआत से ही शामिल रहा है। छिन्दवाड़ा विश्वविद्यालय व मेडिकल कॉलेज प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में आप लोगों के सामने हैं। भले ही भाजपा ने सत्ता में आते ही मेडिकल कॉलेज का बजट आधा किया और विश्वविद्यालय का पूरा बजट रोक दिया, किन्तु आज मैं पुन: आप लोगों के बीच यह कहता हूं कि जल्द ही वह अवसर भी आएगा जब हम मिलकर शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य को नई गति प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय वैसा ही बनेगा जैसा हमने सोचा है।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








