स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- मुझे या मेरे परिवार को कुछ हुआ! तो उसका जिम्मेदार उत्तम ठाकुर होगा..? यह कहना है ग्राम नौनीखुर्द, पोस्ट पांजरा, तहसील व थाना चांद निवासी हितेश कुमार रघुवंशी का… जिन्होंने पूर्व मंत्री और अमरवाड़ा क्षेत्र के कद्दावर नेता प्रेम नारायण ठाकुर के बेटे और भाजपा युवा नेता उत्तम सिंह ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अमरवाड़ा पुलिस और छिंदवाड़ा एस पी कार्यालय में भी शिकायत पत्र दिया है। जिसमें उत्तम ठाकुर पर आरोप लगाया है कि श्री ठाकुर ने उनके स्वामित्व की कार को जबरिया अपने घर ले जाकर खड़ा कर लिया है और कार नहीं दे रहे हैं…
पीड़ित हितेश कुमार रघुवंशी ने बताया कि जब वे इस मामले की शिकायत करने अमरवाड़ा थाना पहुंचे, तो वहां पदस्त एक पुलिस कर्मी ने रिपोर्ट लिखने से इंकार करते हुए कहा कि यहां रिपोर्ट नहीं लिखी जाएगी…? पीड़ित हितेश कुमार रघुवंशी ने आज इस मामले का एक वीडियो और उत्तम ठाकुर के घर के परिसर में खड़ी पीड़ित की कार की फोटो, कार की आरसी की फोटो, एस पी कार्यालय एवं अमरवाड़ा थाना में दिया आवेदन सहित अपने बयान का वीडियो मीडिया को भेजा है, जिसमें उन्होंने सारे मामले की डिटेल दी…। जिसमें श्री रघुवंशी ने उत्तम ठाकुर पर उनकी कार जबरन ले जाकर उनके घर पर खड़ा करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मुझे या मेरी पत्नी या बच्चों को कुछ भी होता है तो उसका जिम्मेदार उत्तम ठाकुर होगा..?

महंत लखनपुरी के घर से उठा ले गए कार..?
पीड़ित हितेश कुमार रघुवंशी ने बताया कि, मैं अमरवाड़ा से 8 किलोमीटर आगे ठेल नदी के पास स्थित शिव मंदिर के महंत लखनपुरी को अपना गुरु मानता था तथा विगत 10 वर्षों से उनकी सभी व्यवस्थाये खाना, पीना, रहना एवं अन्य सामग्री मेरे द्वारा ही प्रदान की जाती थी। उन्होंने बताया कि महंत लखनपुरी के पंजीकृत स्वामित्व की वेगनार कार एमपी 28 सीबी 2606 थी जिसे महंत लखनपुरी द्वारा मुझे 4,50,000/- रूपये में विक्रय कर दिया गया था। जुलाई 2024 में कार का अंतरण आरटीओ से मेरे नाम पर हो गया था। रजिस्ट्रेशन होने के पश्चात् मेरे द्वारा दिनांक 11/07/2024 को अपने घर ले जा लिया गया था। अचानक 14/07/2024 को महंत लखनपुरी की तबीयत खराब हो गई, तब उनके द्वारा मुझे सूचित किया गया कि इलाज के लिये अमरवाड़ा एवं अन्य स्थानों पर जाना होता है इसलिये गाड़ी उपयोग के लिये उनके पास छोड़ दे, तबीयत ठीक होते ही गाड़ी वापस अपने साथ ले जाना। इसके बाद गाड़ी भी उन्हीं के पास रही। 08/11/2024 को रात 02:30 बजे महंत लखनपुरी का स्वर्गवास हो गया। उनकी समाधि 09/11/2024 को लगाई गई। परंपरा अनुसार स्वर्गवास के सोलहवे दिन 26/11/2024 को सोरसी भण्डारा रखा गया था। महंत लखनपुरी मेरे गुरू थे इसलिये सभी कार्यक्रमों में लगातार उपस्थित रहा। भण्डारे के उपरांत जब मैंने अपनी गाड़ी के बारे में पता किया तो पता चला कि वो गाडी उत्तम सिंह ठाकुर, उम्र 40 वर्ष पिता प्रेमनारायण ठाकुर निवासी थाने के सामने, अमरवाड़ा द्वारा ले जाकर अपने एक अन्य निवास जो कि छिंदवाड़ा रोड पर है वहां खड़ी कर लिये।

तब मैं उत्तम सिंह ठाकुर के पास अपना वाहन मांगने गया तो- उन्होंने मेरा वाहन देने से इंकार कर दिया और कहा कि तुम्हारी गाड़ी मैं नहीं देता, तुमसे जो बने कर लो। मैंने उन्हें बताया गाड़ी मैं खरीद चुका हूँ, गाड़ी मेरे नाम पर है और मैंने उन्हें वाहन के दस्तावेज भी दिखाये, परंतु उन्होंने मेरी गाड़ी वापस नहीं की। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि उत्तम सिंह ठाकुर के द्वारा किये गये इस आपराधिक कृत्य के लिये उनके विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाये एवं मेरा वाहन मुझे वापस दिलाया जावे।
अमरवाड़ा पुलिस पर भी लगे आरोप…
पीड़ित हितेश कुमार रघुवंशी ने एस पी के नाम दिए आवेदन में विशेष टीप करते हुए उल्लेख किया है कि, मै उक्त आवेदन लेकर थाना अमरवाडा में उत्तम ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने गया था। वहां पर मुझे पुलिस आरक्षक आकाश, बैच नंबर 207 ने कहा- “यहां पर रिपोर्ट लिखी नही जायेगी।” हमने बहुत प्रार्थना किये, हमे जोर-जोर से चिलाकर थाना से भगा दिया गया।
संपर्क नहीं हो पाया:- इस संबंध में भाजपा नेता उत्तम ठाकुर से उनका मत लेने हेतु संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क न हो पाने के चलते उनका मत नहीं लिया जा सका है।
KBP NEWS.IN
… जाहिद खान
9425391823








