नेशनल डेस्क – तमिलनाडु के इरोड जिले में सिर्फ एक नींबू की नीलामी 13 हजार रुपये में हुई है। दरअसल, यह नींबू इतना महंगा इसलिए बिका क्योंकि यह एक गांव के मंदिर में अनुष्ठान में इस्तेमाल हुआ था। यह मंदिर इरोड जिले के एक गांव में स्थित है।

वार्षिक महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत विलक्केथी गांव के पजमथिन्त्री करुप्पा ईश्वरन मंदिर में बुधवार मध्यरात्रि सार्वजनिक नीलामी आयोजित की गई। श्रद्धालु मुख्य देवता की मूर्ति पर रखी गई पवित्र वस्तुओं के लिए बोली लगाते हैं, जिनमें एक नींबू, चांदी की एक अंगूठी और चांदी का एक सिक्का शामिल होता है।

थंगराज नामक व्यक्ति ने 13,000 रुपये में नींबू खरीदा, जबकि अराचलुर के चिदंबरम ने 43,100 रुपये में चांदी की अंगूठी खरीदी। रविकुमार और बनुप्रिया ने संयुक्त रूप से चांदी के सिक्के के लिए 35,000 रुपये की बोली लगाई। मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि नीलामी के बाद, वस्तुओं को विशेष पूजा के लिए देवता के समक्ष रखा गया।
KBP NEWS.IN
9425391823








