स्टेट डेस्क/छिंदवाडा- महंगाई के इस दौर में भाजपा की सरकार ने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर महिलाओं को एक और तोहफा दिया। चुनाव से पहले भाजपा ने वादा किया था 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का, किन्तु सीधे 50 रुपए की मूल्य वृद्धि कर एक बार फिर सरकार ने यह साबित कर दिया कि भाजपा जो कहती है वह कभी करती नहीं। सरकार का यह कदम महिलाओं के विरोध में है। जिला महिला कांग्रेस ने रसोई गैस के बढ़े हुए दामों का परासिया में विरोध करते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। जिनके साथ महिलाओं ने सड़क पर चूल्हा जला कर गैस के बढ़ते दामों का विरोध किया।

महिलाएं बोलीं मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने पंद्रह माह की कांग्रेस सरकार में कभी मातृशक्ति पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने दिया। महिला कांग्रेस लगातार रसोई गैस के बढ़े हुए दामों का विरोध कर रही है। जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी ने परासिया में गैस के दाम घटाओ, महिलाओं का बजट बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल झूठी घोषणाएं व वायदें करती है। चुनाव आते ही भाजपा को महिलाओं की याद आती है और चुनाव होते ही घरेलू सामग्री के दाम बढ़ाने की याद करती है। आयोजित धरना प्रदर्शन में परासिया ब्लॉक व नगर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। परासिया पुलिस थाना के समीप से अंबेडकर चौराहे के निकट हुए इस आंदोलन में बडी संख्या में महिलाएं मौजूद रही। महिलाओं ने न केवल चूल्हे पर पोहा बनाकर विरोध दर्ज किया बल्कि सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना गुस्सा व्यक्त किया। महिला नेत्रियों ने चौराहे पर बैठकर नाश्ता बांटा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महिला कांग्रेस प्रभारी मंजू बैस ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। महिलाओं के साथ छल करके इस सरकार ने भावनाओं को स्पष्ट कर दिया। महिला कांग्रेस की सरला सिसोदिया ने भी अपने उद्बोधन में भाजपा सरकार को महिला विरोधी करार देते हुए गैस के बढे हुए दामों को महिलाओं के साथ बडी धोखेबाजी करार दिया। इस दौरान परासिया महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंजली श्रीवास्तव, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सावित्री वर्मा, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य महिलाओं ने भी सम्बोधित किया।
लगातार होगा आंदोलन…
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने कहा कि महंगाई व रसोई गैस के बढ़े हुए दामों के विरोध में महिला कांग्रेस लगातार आंदोलन करेगी। महिला विरोधी इस सरकार को महिलाएं लगातार घेरने का काम करेगी।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








