स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा – यह कहानी छिंदवाड़ा जिले के विकासखण्ड छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत चन्हियाखुर्द के ग्राम चन्हियाखुर्द की है। यह उन 214 परिवारों की वास्तविक कहानी है, जहां कभी जल संकट ने जीवन को कठिन बना दिया था। वर्षों तक ग्रामवासी पानी की गंभीर समस्या से जूझते रहे, जिससे उनका जीवन प्रभावित होता रहा। गांव की कुल जनसंख्या 1116 है, गाँव में कुल 214 परिवार निवास करते हैं और जल जीवन मिशन के अंतर्गत इन सभी परिवारों को नल कनेक्शन से जोड़ दिया गया है। चन्हियाखुर्द अब नल जल योजना के अंतर्गत हर घर जल प्रमाणित ग्राम बन चुका है।

यहां के निवासी लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान थे। लोगों को पीने का पानी लाने के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों तक जाना पड़ता था। चूंकि यह गांव मुख्य रूप से कृषि और मजदूरी पर आधारित है, इसलिए पानी लाने में लगने वाला समय ग्रामीणों को उनके रोजमर्रा के कार्यों से दूर कर देता था। परिणामस्वरूप, उनकी आर्थिक स्थिति और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। जल संकट ग्रामवासियों के लिए रोज़मर्रा की बड़ी चुनौती बन गया था। महिलाएं इस स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित थीं। उन्हें गर्मी, भारी वर्षा और कठिन परिस्थितियों में भी पानी लाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। इस कार्य में उनका अधिकांश समय लग जाता था, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता था और अन्य घरेलू गतिविधियों के लिए समय नहीं मिल पाता था।
जल जीवन मिशन योजना चन्हियाखुर्द के लिए एक वरदान साबित हुई। इस योजना के सफल क्रियान्वयन से ग्रामवासियों को अब दूर-दराज के जल स्रोतों तक नहीं जाना पड़ता है। प्रत्येक परिवार के घर में नल से जल की सुविधा सुनिश्चित की गई है। इससे ग्रामीण अब न केवल शुद्ध पेयजल का उपयोग कर पा रहे हैं, बल्कि अपने कृषि, मजदूरी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय निकाल पा रहे हैं।
ग्रामवासियों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल जल सुविधा प्राप्त होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं जिला कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और इसे ग्राम के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








