स्टेट डेस्क/ छिंदवाड़ा। कृष्ण भक्ति के रंग में आज छिंदवाड़ा रंगा हुआ नजर आयेगा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर जिला गौली समाज के भव्य और दिव्य आयोजनों का सिलसिला दिनभर चलेगा।समाज के जिलाध्यक्ष श्री विनोद यदुवंशी ने बताया कि गौली समाज अपने आराध्य श्री कृष्ण जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने जा रहा है। गौली समाज के जिले में दो प्रमुख मंदिर हैं जिनमें पुराना आरटीओ ऑफिस के पास, परासिया रोड स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर और जुन्नारदेव स्थित पहली पायरी मंदिर। इन दोनों ही स्थानों पर विशेष पूजन के साथ कार्यक्रमों की धूम रहेगी। कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ये कार्यक्रम होंगे आज…


छिंदवाड़ा में जिला गौली समाज द्वारा श्री कृष्ण जन्मोत्सव के तहत दिनांक 4 सितंबर दिन शुक्रवार को परासिया रोड, पुराना आरटीओ ऑफिस के पीछे स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में प्रात: 9:00 बजे से 10:00 तक विशेष हवन पूजन आरती की जाएगी। प्रात: 11:00 बजे पुलिस ग्राउंड छिंदवाड़ा से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट ऑफिस के सामने स्थित ग्राउंड पहुंचेगी। यहां शोभा यात्रा का समापन होगा। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित ग्राउंड में ही दोपहर 1:00 से भजन, संगीत और कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा।

जुन्नारदेव में मंडलों के साथ निकलेगी शोभायात्रा, झांकियां…
जुन्नारदेव में आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला में 4 सितंबर को सत्ता स्थापना की जाएगी। अगले दिन संध्या समय सत्ता समापन किया जाएगा। इसी रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जाएगी। अगले दिन 5 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें भजन मंडल भी शामिल होंगे। इस शोभायात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रतिभावान बच्चों, शिक्षकों और सैनिकों का करेंगे सम्मान…
जिला गौली समाज के जिलाध्यक्ष विनोद यदुवंशी के अनुसार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जिला गौली समाज द्वारा समाज के प्रतिभावान बच्चों, देश का भविष्य गढऩे वाले शिक्षकों और मातृभूमि की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने तत्पर रहने वाले सैनिकों का सम्मान किया जाएगा।

वृंदावन के ‘माधवास’ की धुन गूंजेगी 2 बजे से…
आयोजन की विशेषता माधवास रॉक बैंड की मनमोहक प्रस्तुति होगी। वृंदावन का यह बैंड समूह छिंदवाड़ा में पहली बार प्रस्तुति देने आ रहा है। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित ग्राउंड में दोपहर 2 बजे से ‘माधवास’ की प्रस्तुति शुरू होगी। यह बैंड बीते 3 वर्षों में 800 से ज्यादा लाइव प्रस्तुतियां दे चुका है। सिर्फ देश ही नहीं यूएस, थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया सहित अन्य देशों में माधवास ने अपनी प्रस्तुतियों से श्री कृष्ण प्रेमियों को झूमने को मजबूर कर दिया है। यह बैंड वृंदावन में लगातार लाइव प्रस्तुतियां देता रहता है। माधवास रॉक बैंड के यूट्यूब पर 4 मिलियन सब्सक्राइबर्स और 800 मिलियन व्यूज अब तक पहुंच गए हैं। फेसबुक पेज पर 2 मिलियन और इंस्टाग्राम पेज पर लगभग 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स माधवास से जुड़े हुए हैं। इस बैंड के गायक नवल किशोर निमाई दास एवं गायिका नंद रानी गोपी दास की मधुर आवाज श्री कृष्ण प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर देंगी।

प्रस्तुति देने वाले मण्डलों को मिलेंगे पुरस्कार…
जिला गोली समाज द्वारा भजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। विजेता मंडलों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान पाने वाले मंडल को 15001 रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले मंडल को 11001 रुपए, तृतीय स्थान पर आने वाले मंडल को 10001 रुपए, चतुर्थ स्थान पर आने वाले मंडल को 7101 रुपए एवं पांचवा स्थान पाने वाले मंडल को 5101 रुपए की राशि बतौर पुरस्कार प्रदान की जाएगी।

समस्त श्रीकृष्ण प्रेमियों के लिए आमंत्रण…
जिला गौली समाज अध्यक्ष विनोद यदुवंशी, जिला महामंत्री संत कुमार यदुवंशी, जिला सचिव दीनदयाल यदुवंशी, जिला कोषाध्यक्ष हेमंत यदुवंशी, जिला संगठन मंत्री बंटी बाबा, छिंदवाड़ा क्षेत्रीय पट्टी अध्यक्ष चंपा पटेल, आदि पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों ने सभी श्री कृष्ण प्रेमियों से इस भव्य और दिव्य आयोजन में शामिल होने आग्रह किया है।

KBP NEWS. IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    twelve + eighteen =