स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों के लिए सुपर सीडर और हैप्पी सीडर उन्नत कृषि यंत्रों को अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। नरवाई प्रबंधन में अत्यंत उपयोगी ये यंत्र फसल अवशेषों को जलाने की आवश्यकता को समाप्त करते हैं और मृदा की उर्वरता को बनाए रखते हैं।
यंत्रों की विशेषताएँ…
सुपर सीडर और हैप्पी सीडर गेहूं की बुआई के साथ-साथ पिछली फसल के अवशेषों को खेत में ही काटकर मिट्टी में मिला देते हैं। यह संयंत्र पर्यावरण संरक्षण में सहायक होते हैं और पराली जलाने की आवश्यकता नहीं होती। मिट्टी की सेहत बनाए रखते हैं और उत्पादन लागत को घटाते हैं।

कीमत एवं अनुदान विवरण…
सुपर सीडर की कीमत 2.50 लाख रुपए से 3 लाख रुपए तक अनुमानित है। जिसकी अनुदान राशि 1 लाख 20 हजार रुपए अधिकतम है। वहीं हैप्पी सीडर की कीमत 2 से 2.15 लाख रुपए तक अनुमानित है। जिसकी अनुदान राशि 86 हज़ार रुपए अधिकतम है।
ऐसे करें आवेदन…
इच्छुक किसान 4500 के डिमांड ड्राफ्ट सहायक कृषि यंत्री छिन्दवाड़ा के नाम से बनवाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी, अतः शीघ्र आवेदन करें।
किसान इस योजना का लाभ उठाएं और पर्यावरण को बचाने के साथ-साथ अपने खेत की उत्पादकता बढ़ाएं।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें…
अधिक जानकारी के लिये कार्यालय सहायक कृषि यंत्री, कुसमेली मंडी रोड, जिला छिन्दवाड़ा में संपर्क किया जा सकता है।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








