स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा– डीपीएस छिंदवाड़ा में “राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में एआई गवर्नेंस” विषय पर एक विचारोत्तेजक युवा संसद का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता तथा संसदीय प्रक्रियाओं की समझ को विकसित करना था।
विचार- विमर्श के दौरान प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के अवसरों और चुनौतियों पर अपने विचार रखे। आयोजन में चर्चा के मुख्य बिंदु- साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता, नैतिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्रीय रक्षा को सुदृढ़ करने में एआई की भूमिका पर चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि महापौर विक्रम आहाके ने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “यह युवा संसद इस बात का सार्थक उदाहरण है कि किस प्रकार संसदीय चर्चाएँ लोगों को शिक्षित कर सकती हैं। आज का युवा वास्तव में भारत के उज्ज्वल भविष्य का ध्वजवाहक है।”
रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष अमन खान ने भी प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति की प्रशंसा की।

विद्यालय के प्राचार्य हबीब खान ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार, लोकतांत्रिक मूल्यों से संपन्न और नेतृत्व गुणों से परिपूर्ण बनाते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों को केवल जिम्मेदार नागरिक ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेता बनने के लिए भी तैयार करते हैं, जो राष्ट्रीय और वैश्विक चुनौतियों का समाधान कर सकें। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और इसने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत का भविष्य जागरूक और सशक्त युवाओं के हाथों में है।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








