छिंदवाड़ा शहर कांग्रेस के अध्यक्ष पप्पू यादव ने अधिकृत रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी की है जिसमें उन्होंने जो बयान जारी किया है उससे खलबली मची हुई है..! क्योंकि इस बयान में उनके द्वारा न केवल भाजपा पर प्रहार किया गया है बल्कि छिंदवाड़ा पुलिस और प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उनके द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने जो कहा आप भी पढ़िए…
स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- एक आंसू भी हुकूमत के लिए ख़तरा है। तुमने देखा नहीं आंखों का समुंदर होना।।
औरों के ख़यालात की लेते हैं तलाशी- और अपने गिरेबां में लगे भ्रष्टाचार के दाग झांके नहीं जाते…
संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज, जनभावनाओं को दबाना सिर्फ एक राजनीतिक चाल नहीं, बल्कि यह लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा हमला है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों पर दर्ज किए जा रहे झूठे प्रकरण इस बात का प्रमाण है कि पुलिस और प्रशासन भाजपाई इशारों पर मुजरा कर रहा है। उक्त उदगार शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों पर दर्ज किए जा रहे झूठे प्रकरण के खिलाफ व्यक्त किए।

श्री यादव ने जारी बयान में कहा कि “ जब-जब भाजपा डरती है, पुलिस को आगे करती है, यह नारा तो पूरी तरह और अनेकों बार चरितार्थ हो चुका है, अब नया नारा सामने आया है, भाजपा डरती है तो पुलिस और प्रशासन की गोद में बैठती है, भाजपा के लिए बैसाखी बने आला अफसर शायद यह भूल रहे हैं कि उनसे आगे भी कानून है। उन्होंने कहा कि भाजपा की खातिरदारी को ही देशभक्ति और जनसेवा मान लेना न्यायोचित नहीं है, क्योंकि जनता भी खुली आंखों से देख रही है कि किस तरह विगत कुछ दिनों के भीतर कांग्रेस के जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके, जिला कांग्रेस की महामंत्री पूर्णिमा वर्मा और कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रामजी उइके पर निराधार आरोप लगाते हुए झूठे प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। डरी हुई सरकार खाद मांगने पर किसानों पर अपराध कायम करवाती है तो वह किसी पर भी झूठे प्रकरण पंजीबद्ध करवा सकती है। कांग्रेस इसके लिए पूरी तरह से तैयार है, प्रत्येक झूठ और फरेब का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है और अब भाजपा के हर अन्याय व अत्याचार से लड़ने के लिए तैयार है।
कितने भी दर्ज कर लो झूठे प्रकरण, जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी कांग्रेस- यादव
पप्पू यादव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा चाहे कितने भी फर्जी प्रकरण पंजीबद्ध करवा दें, कांग्रेस जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी। कांग्रेस ने अंग्रेजों के अनेकों अत्याचार व अन्याय सहे, किन्तु उनके सामने कभी झुकी नहीं और अंतत: अंग्रेजों को देश से खदेड़ बाहर किया। उन्होंने कहा कि अब चोरों व भ्रष्टों से लड़ने की बारी है, इसमें भी कांग्रेस पीछे नहीं हटने वाली, डटकर सामना करेगी और जनमत की चोरी करने वाली सत्तासीन भाजपा को भी जनता के सहयोग से ही खदेड़ेगी। उन्होंने कहा कि जनता सड़क पर आकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, जनता की बात तो दूर स्वयं भाजपा के विधायक चीख-चीख कर चिल्ला रहे हैं, कि खाद की कमी है और कलेक्टर चोर है। भाजपा की तानाशाही सरकार का यह सबसे बड़ा प्रमाण है।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823








