स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- कांग्रेस ने सिंगोड़ी बस स्टैंड पर किसानों के साथ सड़क पर बैठकर भाजपा सरकार से मक्का का समर्थन मूल्य मांगा। विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों को चेतावनी दी, तो वहीं खाद की कालाबाजारी रोकने व पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

सिंगोड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्षेत्रीय कमेटियां व समस्त अनुसांगिक संगठनों के तत्वावधान में किसान आंदोलन का आयोजन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंगोड़ी के प्रभारी शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर के नेतृत्व में सिंगोड़ी बस स्टैंड पर सम्पन्न हुए इस आंदोलन में किसान भाइयों और कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। किसानों के साथ कांग्रेस ने सड़क पर बैठकर वर्तमान में जिस दाम पर मक्का खरीदा जा रहा है उसका कड़ा विरोध किया। आंदोलन को सम्बोधित करते हुए किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार झूठ और लूट पर टिकी है। मक्का 2400 रुपए प्रति क्विंटल के दाम से खरीदा जाएगा, यह झूठ सभी के सामने और लूट किसानों से विभिन्न माध्यमों से जारी है। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि मांगें पूरी नहीं हुई तो अगले आंदोलन के लिए तैयार रहें।

सिंगोड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष जैन ने अपने उदबोधन में कहा कि बीजेपी झूठ का ढोल पीटना बंद करें। जनता सच्चाई देख रही है कि किस तरह भाजपा और भाजपाई जनता का शोषण कर रहे हैं। सिंगोड़ी बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय पर आजीविका मार्ट के नाम पर अतिक्रमण किया जा रहा है, जबकि वह सार्वजनिक उपयोग का स्थल है जिस पर कब्जा न्यायोचित नहीं है। अतिक्रमण को तत्काल हटाकर आमजन की सुविधा हेतु उपलब्ध कराया जाए। आयोजित आंदोलन को धीरन शाह इनवाती ने भी सम्बोधित किया।

तीन सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन…
कांग्रेस ने तहसीलदार एवं विद्युत वितरण कम्पनी के डीई एवं जेई को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिसमें वर्तमान मौसम में फसलों को सिंचाई हेतु किसानों को निरंतर 10 घण्टे दिन में बिजली प्रदान की जाए। मक्का उपज को 2400 रुपए प्रति क्विंटल के दाम से तत्काल खरीदा जाए। यूरिया खाद की उपलब्धता शासकीय निर्धारित दाम पर सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाने की मांग की गई है।

KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    fifteen − 4 =