स्टेट डेस्क छिन्दवाड़ा/चांद- पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांद में आज 18 दिसंबर को चिल्ड्रन साइंस सेंटर, इंदौर के सहयोग से चलित विज्ञान यात्रा एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य, शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, विज्ञान को रोचक बनाना तथा कक्षा में पढ़े गए ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ना रहा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत तारामंडल (प्लानेटेरियम) छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। तारामंडल के माध्यम से छात्राओं को सौरमंडल, ग्रहों की गति, नक्षत्र, ग्रहण, दिन-रात की प्रक्रिया एवं ब्रह्मांड की संरचना की जानकारी दृश्यात्मक एवं सरल भाषा में दी गई। इस सजीव प्रस्तुति को देखकर छात्राओं में उत्सुकता, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति गहरी रुचि देखने को मिली।

इसके साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शित किए गए। जिनमें ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, पर्यावरण संरक्षण, जल चक्र, मानव शरीर की संरचना, विद्युत परिपथ, चुंबकत्व तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से जुड़े मॉडल प्रमुख रहे। चिल्ड्रन साइंस सेंटर इंदौर से आए विशेषज्ञों ने प्रत्येक मॉडल की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया और छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी वैज्ञानिक सोच को और सुदृढ़ किया।

इस विज्ञान प्रदर्शनी में विज्ञान संचालक राजेंद्र सिंह एवं सुनील सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों विज्ञान संचालकों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा— कि “यदि विज्ञान को प्रयोगात्मक और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाए तो छात्राएँ स्वयं सीखने के लिए प्रेरित होती हैं। हमारा प्रयास यही रहता है कि विज्ञान को अनुभव से जोड़ा जाए। जिससे बच्चे भविष्य में नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ सकें”

कार्यक्रम में संस्था के प्रभारी प्राचार्य अनिल रघुवंशी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने ऐसे आयोजनों को छात्राओं के बौद्धिक एवं वैज्ञानिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में संस्था के समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के रसायन शास्त्र व्याख्याता परेश सिंह वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा—“विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है। जब छात्राएँ तारामंडल, मॉडल और प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को प्रत्यक्ष अनुभव करती हैं, तब उनमें जिज्ञासा, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास का विकास होता है। ऐसी चलित विज्ञान यात्राएँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”

वहीं संस्था के भौतिक शास्त्र के व्याख्याता उमेश साहू ने कहा कि “इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी छात्राओं को कठिन वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल रूप में समझने का अवसर देती है। दृश्य एवं प्रयोग आधारित शिक्षण से सीखने की रुचि बढ़ती है और वैज्ञानिक सोच को बल मिलता है।”

कार्यक्रम में विद्यालय की सभी कक्षाओं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा चिल्ड्रन साइंस सेंटर इंदौर की टीम, विज्ञान संचालकों तथा सभी सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

KBP NEWS.IN
हरिओम रघुवंशी, चांद

संपर्क- 9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    one + 5 =