स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा- शराब ठेकेदार और अवैध अहाता संचालक के इशारों पर पुलिस ने कांग्रेस के पार्षद पर झूठा प्रकरण पंजीबद्ध किया है। यह आरोप कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने पुलिस उप महानिरीक्षक को ज्ञापन के माध्यम से लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दबाव में आकर एट्रोसिटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया है, जबकि घटना स्थल पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ कि कांग्रेस के पार्षद राहुल मालवीय के खिलाफ एट्रोसिटी का प्रकरण दर्ज किया जाए।

कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से उल्लेख किया कि राहुल मालवी नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा के वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद है। दिनांक 19 जनवरी 2026 दिन सोमवार की शाम 05 बजे वार्ड के समस्त सम्मानीय निवासियों के द्वारा वार्ड में स्थित शराब दुकान के अवैध अहाते के विरोध में शांतिपूर्वक विरोध प्रगट करने हेतु साथ चलने के लिए कहा। वार्ड का प्रतिनिधि होने के नाते राहुल मालवी वार्डवासियों के साथ शराब दुकान के सामने पहुंचा, इस दौरान जनहित में गुलाबी गैंग ने अवैध अहाते को बंद करने के लिए कहा। इस दौरान वार्ड पार्षद मालवी जनता के साथ पूरे समय बाहर खड़े रहे। उन्होंने किसी भी प्रकार का वाद-विवाद नहीं किया। शराब दुकान में बैठे मैनेजर का नाम व जाति भी नहीं जानते। इस सम्पूर्ण शांतिप्रिय विरोध के दौरान उनके साथ भी अनुसूचित जाति के लोग सम्मिलित थे। इनके द्वारा किसी भी प्रकार के जातिसूचक शब्दों का प्रयोग नहीं किया गया। ना ही ऐसा व्यवहार किया जिससे किसी भी जाति अथवा वर्ग के लोग आहत हो।

कांग्रेस ने कहा कि पुलिस ने दबाव में आकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि राहुल मालवी पर सोची समझी साजिश के तहत शराब दुकान के मैनेजर अज्जू उर्फ अजय मंडराह के द्वारा एट्रोसिटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कराया गया है। पुलिस ने शराब दुकान के मैनेजर के दबाव में आकर भेदभावपूर्ण प्रकरण कायम कराया है। इस झूठे प्रकरण को तत्काल निरस्त किया जाए और सम्पूर्ण घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई।

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे व मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी सहित शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस पार्षद दल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    fifteen + 9 =