सेंट्रल डेस्क

छिंदवाड़ा के पांढुर्णा विकासखंड अंतर्गत आने वाले लावाघोगरी पुलिस को बीते माह 25 जनवरी के दिन जंगल में एक अज्ञात युवती का शव मिला। जिसकी शिनाख्त करने पर पता चला कि युवती करीब के ही एक गांव की रहने वाली है । युवती के परिजनों से जब पुलिस ने संपर्क साधा तो परिजनों से पता चला कि युवती 18 जनवरी से लापता थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया था, परिजनों ने पांढुर्णा मुख्यालय में ही युवती को दफनाया था। इधर पुलिस ने दूसरे दिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जिन्होंने युवती का गला घोट कर हत्या करना कबूला था । किंतु कुछ दिन बाद मृतक युवती के परिजनों ने युवती का अपहरण कर बलात्कार करने के बाद हत्या होने की बात कही।

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी लिया जिसके तहत मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवती के साथ बलात्कार और हत्या होने पर संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करने का ट्विटर पर मैसेज साझा किया था। इस मैसेज के बाद पुलिस और हरकत में आई जबलपुर से स्वयं आईजी घटना स्थल पर पहुंचे साथ ही युवती के परिजनों से बात की, पीड़ित परिजनों की मांग थी कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार भी हुआ है अतः युवती का पुनः पोस्टमार्टम कराया जाए। परिजनों की मांग पर आज पुलिस ने पांढुर्णा में युवती की कब्र खुदवा कर शव निकाला है। अब यह शव पोस्टमार्टम के लिए भोपाल लैब ले जाया जाएगा जिसमें यह पुष्टि हो पाएगी कि वाकई में युवती के साथ बलात्कार हुआ था या नहीं।

दरअसल यहां पर पुलिस की कार्यवाही और पोस्टमार्टम पर भी कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं, कि आखिर पुलिस को युवती के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मृत्यु का कारण क्यों पता नहीं चल पाया? बगैर मृत्यु के कारणों का आभास हुए पुलिस किस आधार पर इस गंभीर मामले की जांच में जुटी? यहां सवाल यह भी उठता है कि पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनसे पूछताछ मैं जब उन्होंने युवती का गला घोट कर हत्या करना कबूला है तो फिर हत्या का यह कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्यों कलमबद्ध नहीं की गई ? ऐसे अनेकों बिंदुओं के आधार पर पुलिस पर कई सवालिया आरोप गढ़े जा रहे हैं। मगर इसके विपरीत इस पहलू से भी मुंह नहीं मोड़ा जा सकता कि आखिर युवती के परिजनों ने 7 दिन से लापता बेटी की गुमशुदगी की शिकायत संबंधित थाना में क्यों नहीं कराया?

बाहरहाल यह सारे बिंदु अब सिरे से शुरू होने वाली जांच में आएंगे और हकीकत का खुलासा भी हो जाएगा। फिलहाल युवती की मृत्यु एक पहेली बनी हुई है ।

जाहिद खान, एडिटर इन चीफ

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    two × 1 =