स्टेट डेस्क/छिन्दवाड़ा – मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्ना जिले के समस्त बूथों पर पार्टी के (बीएलए) नियुक्त किए जाएंगे। बीएलए बनाने की सम्पूर्ण प्रक्रिया के साथ ही मतदाताओं के नाम जोड़ने व काटने की समूची व विस्तृत जानकारी मतदाता सूची प्रभारी के द्वारा उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों को दी गई। आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों की शंकाओं का भी निराकरण किया गया ताकि उन्हें अपनी विधानसभा, ब्लॉक व बूथ स्तर पर कार्य करने में किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले की सातों विधानसभाओं के प्रभारीगण, समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण, पर्यवेक्षकगण, शहर अध्यक्ष व उप ब्लॉक अध्यक्षगणों की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक को मतदाता सूची के प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने सम्बोधित करते हुए सर्वप्रथम बीएलए के भरे जाने वाले फार्म की जानकारी दी, उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को फार्म पर कहां क्या भरा जाएगा, किन सावधानियों को बरतने की आवश्यकता है से लेकर नाम जोड़ने अथवा काटने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। फार्म भरने के उपरांत जमा करने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि बीएएल की नियुक्ति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है इसीलिये छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के 1969 बूथों पर की जाने वाली नियुक्ति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि अभी तक देशभर से निरंतर मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। इसीलिये मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ प्रत्येक बैठकों में सतत रूप से मतदाता सूची के अध्ययन व नाम जोड़ने अथवा नाम कटाने जाने वाली प्रक्रिया पर विशेषरूप से ध्यान देने की बात कहते हैं। श्री ओकटे ने आगे कहा कि विधानसभा व लोकसभा चुनाव की तैयारी में बीएलए की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बीएलए ही चुनाव में विजयी दिलाने वाली अहम कड़ी है।

पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीएलए की नियुक्ति के साथ ही नाम जोड़ने अथवा मतदाता सूची से नाम काटे जाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। किसी गांव में विवाह उपरांत कोई बहू आई है तो क्या उसका नाम मतदाता सूची में जुड़ा है या नहीं, इसी प्रकार किसी के निधन के उपरांत नाम काटा गया अथवा नहीं इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने बीएलए के दायित्वों से भी उपस्थित पदाधिकारियों को अवगत कराया।

आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद राय, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो सहित छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले की सातों विधानसभाओं के प्रभारी, समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, पर्यवेक्षक, शहर अध्यक्ष व उप ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे।

KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    three + 11 =