स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा – बीती 16 फरवरी 2026 को छिंदवाड़ा में आयोजित तथाकथित “हिंदू गर्जना रैली एवं धर्म सभा” कार्यक्रम में विधायक टी. राजा सिंह द्वारा मुस्लिम समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से मारने, काटने एवं हथियार उठाने जैसे भड़काऊ और आपत्तिजनक वक्तव्य दिए गए। उक्त भाषण के पश्चात जिले में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई है तथा विभिन्न समुदायों के बीच असहजता का वातावरण बना हुआ है। छिंदवाड़ा जिला सदैव से शांतिप्रिय एवं सामाजिक सद्भाव का प्रतीक रहा है, जहाँ सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और संविधान में विश्वास के साथ जीवनयापन करते आए हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार का उकसाने वाला या हिंसा को बढ़ावा देने वाला वक्तव्य न केवल सामाजिक समरसता के विरुद्ध है बल्कि भारतीय संविधान की मूल भावना के भी प्रतिकूल है।

अक्ताशय के वक्तव्य प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी द्वारा जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की आपत्तिजनक बयानों पर कार्रवाई होना चाहिए, जिसको लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 23 फरवरी को शांतिपूर्ण रैली निकालकर प्रशासन से करवाई और जिम्मेदारों पर FIR करने की मांग करेगी… उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर भी प्रश्न खड़े करते हुए कहा कि अब तक उक्त विवादित भाषण को लेकर कोई प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज नहीं की गई है, जबकि भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 196, 299, 302 एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने, धार्मिक भावनाएँ भड़काने तथा शांति भंग करने वाले वक्तव्यों पर स्वतः संज्ञान लिया जा सकता है। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम के आयोजकों की भी जवाबदेही तय होना आवश्यक है, जिन्होंने मंच उपलब्ध कराया और कथित रूप से आपत्तिजनक भाषण को सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने दिया।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की मांगें…
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री भलावी ने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, जो विभिन्न जाति, धर्म और समुदायों के संवैधानिक आस्था रखने वाले नागरिकों का संगठन है, निम्न मांगें रखती है:

  1. टी. राजा सिंह द्वारा दिए गए कथित विवादित भाषण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच हो।
  2. जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की संबंधित धाराओं में तत्काल FIR दर्ज की जाए।
  3. आयोजन समिति की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।
  4. छिंदवाड़ा जिले में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने हेतु प्रशासन स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे।

23 फरवरी को शांतिपूर्ण संवैधानिक रैली…
जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी ने बताया कि उपरोक्त मांगों को लेकर 23 फरवरी 2026, सोमवार, दोपहर 2:00 बजे, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स छिंदवाड़ा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले एक शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक रैली आयोजित की जाएगी। रैली के उपरांत जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसमें संविधान के अनुरूप कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण, विधिसम्मत एवं लोकतांत्रिक ढंग से आयोजित किया जाएगा। प्रशासन से अपेक्षा है कि कार्यक्रम की विधिवत अनुमति प्रदान कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी स्पष्ट करती है कि भारत का शासन संविधान के अनुसार चलेगा। किसी भी धर्म या समुदाय के विरुद्ध हिंसा के लिए उकसाने वाले वक्तव्यों को लोकतंत्र में स्थान नहीं दिया जा सकता। सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा करना प्रशासन और समाज दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    seven + 1 =