स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा – आज छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों के खिलाफ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) और समस्त मुस्लिम समाज ने एकजुट होकर हुंकार भरी। दोपहर 2 बजे मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के पास हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक एकत्रित हुए, जहाँ से पैदल रैली के रूप में विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
दरअसल गत 16 फरवरी को छिंदवाड़ा में आयोजित “हिंदू गर्जना रैली एवं धर्म सभा” में बाहर से आए जनप्रतिनिधि टी. राजा सिंह द्वारा अत्यंत आपत्तिजनक, भड़काऊ और सांप्रदायिक सद्भाव को चोट पहुँचाने वाला भाषण दिया गया था। आरोप है कि भाषण में खुलेआम ‘मारने-काटने’ और ‘हथियार उठाने’ जैसी हिंसक बातें कहकर एक विशेष समुदाय (मुस्लिम समाज) को निशाना बनाया गया।
प्रशासन की चुप्पी पर उठाए सवाल…
रैली का नेतृत्व कर रहे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी ने कहा कि छिंदवाड़ा हमेशा से शांति और भाईचारे का प्रतीक रहा है, लेकिन बाहर से आए लोगों द्वारा यहाँ की फिजा में जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक न तो टी. राजा सिंह पर कोई FIR दर्ज की गई और न ही इस भड़काऊ कार्यक्रम की आयोजन समिति पर कोई कार्रवाई हुई है।
प्रमुख माँगें…
स्वतंत्र जाँच: 16 फरवरी के कार्यक्रम की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जाँच हो।
FIR दर्ज हो: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत भड़काऊ बयान देने वाले व्यक्ति और आयोजन समिति पर तत्काल मामला दर्ज किया जाए।
कठोर प्रतिबंध: भविष्य में जिले की शांति भंग करने वाले ऐसे भड़काऊ कार्यक्रमों पर पूर्णतः रोक लगाई जाए।
आंदोलन में शामिल प्रमुख नेतृत्व…
इस विशाल विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से गोंगपा जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी, गोंगपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रवीण धुर्वे, नगर अध्यक्ष मोहिद खान सहित मुस्लिम समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य और भारी संख्या में युवा शामिल रहे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823









