स्टेट डेस्क/छिंदवाड़ा- जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग छिंदवाड़ा ने कम तौल का लोहा बेचने वाले गुप्ता हार्डवेयर (प्रो. शरद गुप्ता) को सख्त सबक सिखाया है। आयोग ने दुकानदार को उपभोक्ता सुखदेव सोमकुवंर को कुल 12,460 रुपये चुकाने का आदेश दिया है। आवेदक की ओर से अधिवक्ता मुकेश विश्वकर्मा ने परिवाद दायर किया था।

आदेश 24 मार्च 2026 को उपेंद्र सोनकर की अध्यक्षता, मोहन सोनी एवं सुश्री नीता मालवीय की सदस्यता में पारित हुआ। आयोग ने साफ कहा कि दुकानदार ने 71 किलो 600 ग्राम लोहे की एंगल के बदले मात्र 64 किलो का माल दिया, जबकि पूरा 4,300 रुपये वसूल लिया। यह सुनियोजित कम तौल और सेवा में कमी का मामला था।

क्या था पूरा मामला…?
सुखदेव सोमकुवंर, निवासी वार्ड-01, पुरानी बस्ती, जुन्नारदेव ने गुप्ता हार्डवेयर से लोहे की एंगल खरीदी। घर लाकर इलेक्ट्रिक तौल पर नापा तो मात्र 64 किलो ही निकला। जब उन्होंने दुकान पर वापस जाकर शिकायत की तो दुकानदार ने नापने से इनकार कर दिया और अभद्र व्यवहार भी किया। सुखदेव ने जायसवाल लोहे की दुकान पर दोबारा नापवाया – फिर वही 64 किलो ही निकला। इसके बाद उन्होंने थाना जुन्नारदेव में शिकायत दर्ज कराई और सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की। नापतोल विभाग ने जांच की और दुकानदार पर 2,500 रुपये की शास्ति लगाई।

आयोग का फैसला…
आयोग ने परिवाद को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए दुकानदार को आदेशित किया:

  • कम तौल (7 किलो 600 ग्राम) के एवज में 460 रुपये
  • सेवा में कमी के लिए 5,000 रुपये
  • मानसिक पीड़ा व उत्पीड़न के लिए 2,000 रुपये
  • वाद व्यय व अन्य खर्च के लिए 5,000 रुपये

कुल राशि : 12,460 रुपये

आदेश के मुताबिक यह राशि 45 दिनों के अंदर चुकानी होगी, वरना 6% वार्षिक ब्याज भी लगेगा।

आयोग ने कहा कि यह मामला न सिर्फ त्रुटि और सेवा में कमी का है, बल्कि अनुचित व्यापारिक व्यवहार भी है। दुकानदार को समन मिलने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ, इसलिए मामले को एकपक्षीय सुनवाई कर फैसला सुनाया गया।

आयोग के सदस्य मोहन सोनी ने लिखित आदेश में कहा कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा 2(10), 2(11) और 2(47) के तहत यह स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दो प्रमुख फैसलों – लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम एम.के. गुप्ता और गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम बलबीर सिंह – का हवाला भी दिया। यह फैसला छोटे-छोटे व्यापारियों को चेतावनी देता है कि ग्राहकों के साथ कम तौल या धोखाधड़ी करने पर सख्त कार्रवाई होगी।

KBP NEWS.IN
…जाहिद खान
9425391823

  • LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    five × one =